सिंधिया स्कूल के पूर्व प्रिंसिपल डॉ. माधव देव सारस्वत और स्कूल के अध्यक्ष मितुल दीक्षित ने दीप प्रज्ज्वलित कर की कार्यक्रम की शुरुआत
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-5 इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में शुक्रवार को छात्र-छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर ऐसी छटा बिखेरी की सभी मंत्रमुग्ध हो गए। आकर्षक परिधानों में बच्चों ने हम उड़ने वाले पंछी..., नगाड़े संग ढोल बाजे...जैसे गीतों पर मनमोहक नृत्य कर सभी की खूब तालियां बटोरीं। मौका था दीक्षांत इंटरनेशनल स्कूल के 23वें वार्षिकोत्सव का। वार्षिकोत्सव की शुरुआत सिंधिया स्कूल के पूर्व प्रिंसिपल डॉ. माधव देव सारस्वत और स्कूल के अध्यक्ष मितुल दीक्षित ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। इसके बाद दीक्षांत स्कूल के संस्थापक दिवंगत ओएन दीक्षित को श्रद्धांजलि दी गई।
बच्चों ने शानदार ढंग से जैसे ही कुन फाया कुन...गीत पर प्रस्तुति दी तो सभी ने तालियाें की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। इसके अलावा बच्चों ने नाटक के जरिए अकबर और बीरबल की कहानियों की प्रस्तुति दी। इस प्रस्तुति ने लोगों को खूब गुदगुदाया। कार्यक्रम के अंत में स्कूल के अब तक के सफर को वीडियो के जरिए दिखाया गया। इस अवसर पर दीक्षांत ग्लोबल स्कूल के अध्यक्ष मितुल दीक्षित ने छात्र-छात्राओं के प्रस्तुुति की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों में भाग लेने से बच्चों की प्रतिभा में निखार आता है।
शिक्षकों और छात्रों को किया सम्मानित
बेहतरीन योगदान : स्कूल में वर्षो के बेहतर योगदान के लिए शिक्षिका बिंदु शर्मा और शिक्षक नीरज गुप्ता का सम्मान।
गोल्ड रीडर अवाॅर्ड : कक्षा पांच-ए की अहान, अर्नव, निशा अरोड़ा और पांच-बी की अमाया, सान्वी चौहान को गोल्ड रीडर अवॉर्ड।
सिल्वर रीडर अवाॅर्ड : कक्षा प्रथम ए की शनाया ठाकुर, दूसरी बी की दिव्यांशी शर्मा, मायरा, कक्षा तीसरी बी के वैदिक गुप्ता, कृषिव जैन, देवना कपूर को सिल्वर रीडर अवॉर्ड।