माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। ऑनलाइन पैसा कमाने के चक्कर में एचआर कंसलटेंसी एजेंसी चलाने वाले व्यक्ति के साथ 8 लाख रुपये की साइबर ठगी हो गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने सेक्टर 12 साइबर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पिंजौर के डीएलएफ वैली निवासी मनोज कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एचआर कंसलटेंसी में काम करता है। 21 अगस्त 2024 को उनके मोबाइल पर एक मैसेज आया, जिसमें यूट्यूब पर वीडियो देख सब्सक्राइब करने के बदले पैसे कमाने का जिक्र था। साइबर ठगों के यूट्यूब चैनल की भेजी गई डिटेल के मुताबिक पीड़ित ने चैनल सब्सक्राइब किया और बदले में पीड़ित के बैंक खाते में प्रति सब्सक्राइबर 150 रुपये मिलने लगे। आरोपियों ने पीड़ित को एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया और उसमें भी प्रति टास्क 150 रुपये पीड़ित कमाने लगा। कुछ दिन बाद आरोपी ने पीड़ित की बिजनेस व यूपीआई आईडी मांगी और 2 हजार रुपये जमा करने को कहा। 2 हजार रुपये इंवेस्ट करने पर पीड़ित के बैंक खाता में 2800 रुपये वापस आए। उसके बाद आरोपियों ने पीड़ित से इन्वेस्टमेंट के नाम पर 15 हजार, फिर 68 हजार, 1.97 लाख और 5.20 लाख रुपये जमा करवाए। पीड़ित ने कुल मिलाकर 8 लाख रुपये आरोपियों के कहने पर इंवेस्ट किए। बाद में रुपये निकालने की बात कही तो आरोपियों ने पीड़ित को 10 लाख रुपये और जमा करने को कहा, ताकि 18 लाख रुपये एक साथ वह निकाल सके। पीड़ित को कुछ शक हुआ और उन्होंने अपने जानकारों से इसके बारे में जिक्र किया तो साइबर ठगी के बारे में पता चला। उसी समय उन्होंने 1930 पर कॉल कर मामले की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस पीड़ित के बैंक खाते से जिन-जिन बैंक खातों में पैसा ट्रांसफर हुआ और आगे-आगे वो पैसे जिन-जिन बैंक खातों में गए या किसी एटीएम से कैश निकलवाया गया है, उसके बारे में पता कर रही है, ताकि आरोपियों का सुराग मिल सके।