संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-26 निवासी व्यक्ति को विदेश भेजने का झांसा देकर 25.50 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर चंडीमंदिर पुलिस ने दंपती के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, सेक्टर-26 निवासी संतोष ने शिकायत में बताया कि उनके पति हंसराज 2021 में सरकारी विभाग से सेवानिवृत्त हैं। जिला यमुनानगर में उनकी मिठाई की दुकान है। वर्ष 2016 में वे परिवार सहित जगाधरी में रहतीं थीं। उसी दौरान प्रदीप कुमार उनकी दुकान पर आने जाने लगा। उसने उनके पति को बताया कि उनकी टाइल की फैक्टरी है। इसके साथ फाइनेंस का भी काम करता है।
प्रदीप उनके पति से पैसे का लेनदेन करने लगा। पड़ोस में रहने के कारण उनका विश्वास बन गया था। एक दिन प्रदीप अपनी पत्नी प्रवेश के साथ उनके पति से मिला और कहने लगा कि अंकल आप जल्द सेवानिवृत्त होने वाले हैं। सेवानिवृत्ति के बाद अगर आप दूसरे देश में सेट होना चाहते हैं तो मैं आपको कनाडा भेज सकता हूं। सरकारी मुलाजिम होने के नाते आपको ज्यादा औपचारिकताएं नहीं करनी पड़ेंगी। प्रदीप कुमार ने उनसे 1.50 लाख रुपये अपने अकाउंट में ट्रांसफर करवा लिए। उसके बाद आरोपी दंपती उनके घर सेक्टर-26 में आए और उनसे 24 लाख रुपये कैश ले गए।
काफी दिनों के बाद शिकायतकर्ता और उनके पति ने प्रदीप कुमार से विदेश भेजने के बारे में पूछा तो प्रदीप ने कहा कि अभी तो वीजा लगना बंद हो गया है। बाद में देखते हैं। उसके बाद भी ना तो आरोपी ने शिकायतकर्ता के पति का वीजा लगवाया और ना ही रुपया वापस किया। बार-बार कहने पर आरोपी ने उनके पति के नाम पर अलग-अलग बैंकों के तीन चेक दिए। शिकायतकर्ता के पति ने बैंक मैनेजर से चेक के बारे में संपर्क किया तो उन्हें बताया गया कि चेक वेलिड नहीं है। इसके बाद आरोपी ने शिकायतकर्ता का फोन उठाना भी बंद कर दिया है। उसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई।