पंचकूला। वर्क फ्रॉम होम का झांसा देकर सेक्टर-9 निवासी एक व्यक्ति से 1.07 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। सेक्टर-12 साइबर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-9 निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि उनकी सेक्टर-11 में मोबाइल की दुकान है। 18 जुलाई को वे दुकान पर थे। उन्होंने टेलीग्राम पर एक वर्क फ्रॉम होम का विज्ञापन देखा और ग्रुप में ज्वाइन हो गए। इसके बाद उनको कुछ टास्क दिया गया। उनको होटल और व्यवसाय का रिव्यू देना था। टास्क पूरा होने पर उन्हें 300 रुपये का लाभ दिया गया।
इसके बाद उनसे एक हजार रुपये यूपीआई से लेकर टास्क पूरा करने को कहा गया। टास्क पूरा करने पर उन्हें 1300 रुपये मिले। इसके बाद उन्होंने दो हजार रुपये और लगाए। उन्हें 2600 रुपये वापस कर दिए गए। बाद में कहा गया कि यह एक ग्रुप टास्क है। आप 15 हजार 500 रुपये और डालो। जब उन्होंने रुपये नहीं डाले तो एक लड़की ने उनको संदेश दिया कि आप अपना नुकसान करवा रहे हो। आधे पैसे डाल दो। इस तरह आरोपियों ने अपने जाल में फंसा कर उनसे 1,07,589 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद उनको धोखाधड़ी का पता चला। उन्होंने साइबर थाने में शिकायत दर्ज करवाई है।