पंचकूला। एनआईए ने म्यांमार के म्यावाडी क्षेत्र से संचालित मानव तस्करी और साइबर ठगी के अंतरराष्ट्रीय रैकेट का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों के खिलाफ पंचकूला में चार्जशीट दाखिल की। यह मामला पहले हरियाणा के चरखी दादरी जिले में दर्ज किया गया था, जिसे बाद में गृह मंत्रालय के आदेश पर एनआईए को सौंप दिया गया। चार्जशीट में चरखी दादरी निवासी अंकित कुमार उर्फ अंकित भारद्वाज, इश्तिखार अली उर्फ अली और एक फरार संदिग्ध चीनी नागरिक लिसा को आरोपी बनाया गया है। आरोपियों ने भारतीय युवाओं को नौकरी का झांसा देकर उन्हें अवैध रूप से म्यांमार भेजा और साइबर ठगी के लिए बंधक बना लिया। मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।