चंडीगढ़ को विश्वस्तरीय बनाने के मद्देनजर इस ट्रेन का कालका में हो रहा रखरखाव
संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। चंडीगढ़ से अजमेर के मध्य चल रही गरीब रथ ट्रेन को जल्द ही कालका से चलाने की तैयारी की जा रही है। रेलवे से मंजूरी मिलने के बाद कालका की राजस्थान के विभिन्न जिलों और राजस्थान की कालका तक डायरेक्ट कनेक्टिविटी हो जाएगी। इससे राजस्थान से आने वाले लोग शिमला या हिमाचल प्रदेश के अन्य पर्यटन स्थलों तक आसानी से पहुंच सकेंगे। वर्तमान में यह ट्रेन हफ्ते में तीन दिन सोमवार, बुधवार और शनिवार को चंडीगढ़ से चल रही है। मंजूरी मिलने के बाद उक्त दिनों में यह ट्रेन कालका से रवाना होगी।
रेलवे के अनुसार चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय बनाने के मद्देनजर वर्तमान में इस ट्रेन का रखरखाव कालका रेलवे स्टेशन पर ही हो रहा है। वर्तमान में इस ट्रेन को अजमेर से आने के बाद कालका भेजा जाता है। उक्त तीन दिनों में कालका से आने के बाद इस ट्रेन को अमजेर भेजा जाता है। इसी कारण सभी परिस्थितियों को ध्यान में रखकर अब इस ट्रेन को कालका से चलाने की तैयारियां की जा रहीं हैं। रेलवे अंबाला मंडल के अधिकारियों ने रेलवे बोर्ड को इसका प्रस्ताव भेजा है।
शाम 7:05 बजे कालका से चलेगी
रेलवे अगर इस प्रपोजल को मंजूरी दे देता है तो ट्रेन संख्या 12984 शाम 7:05 बजे कालका से चलेगी। यह चंडीमंदिर, चंडीगढ़, अंबाला होकर अजमेर तक जाएगी। इस ट्रेन के कालका से चलने से हरियाणा की चरखी-दादरी, रेवाड़ी, राजस्थान के अलवर, दसुआ, जयपुर, फुलेरा, कृष्णगढ़ और अजमेर के लोगों को कालका की डायरेक्ट कनेक्टिविटी मिल जाएगी।
चंडीगढ़ से अजमेर के बीच चलने वाली गरीब रथ ट्रेन को कालका तक बढ़ाने का प्रपोजल भेजा है। मंजूरी मिलने पर जल्द से जल्द इस ट्रेन को कालका से चलाने का प्रयास किया जाएगा। -मनदीप सिंह भाटिया, डीआरएम अंबाला मंडल।