मोहाली। बिना लाइसेंस इमिग्रेशन कंपनी चलाने के आरोप में मटौर थाना पुलिस ने कंपनी संचालक के खिलाफ इमिग्रेशन एक्ट व आईपीसी की धारा 406, 420 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी की पहचान गुरआलम जीत सिंह चंदी निवासी गांव मलसिया जिला जालंधर के रूप में हुई है। आरोपी ने फेज-3बी2 में केयर ऑफ माइग्रेशन हब के नाम से इमिग्रेशन कंपनी खोली थी, जिसके पास कंपनी खोलने का लाइसेंस नहीं था। जांच अधिकारी एएसआई लखविंदर सिंह ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ कटानी मार्केट में तैनात थे। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि फेज-3बी2 में गुरआलम जीत सिंह चंदी बिना लाइसेंस के इमिग्रेशन कंपनी चला रहा है। पुलिस ने जब दफ्तर में रेड की तो कंपनी मालिक नहीं मिला, जिसके खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी।