संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-11 स्थित टकीला क्लब में हुक्का पिलाने पर मैनेजर के खिलाफ सेक्टर-5 पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मौके से दो चलते हुक्के अपने कब्जे में लिए हैं। इसके बाद पुलिस ने मैनेजर अमित के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, सेक्टर-10 पुलिस चौकी इंचार्ज को वीरवार रात को सूचना मिली कि सेक्टर-11 टकीला क्लब में हुक्का परोसा जा रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दो हुक्के और हर्बल फ्लेवर बरामद किया। बता दें कि पुलिस ने एक सप्ताह के भीतर टकीला क्लब में दो बार छापा मारकर हुक्के बरामद किए हैं।
पुलिस को मोबाइल नंबर पर दें सूचना
डीसीपी सुमेर प्रताप सिंह ने बताया कि उन्होंने तुरंत प्रभाव से शहर के होटल, रेस्टोरेंट, बार सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों में ग्राहकों को हुक्का परोसने पर पाबंदी लगाई है। पुलिस कमिश्नर सिबास कबिराज ने लोगों से अपील कर कहा है कि शहर के क्लब, बार, होटल और रेस्टोरेंट में किसी भी प्रकार का हुक्का नहीं परोसा जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की सूचना लोग 7419000001 मोबाइल नंबर पर दे सकते हैं ताकि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।