पंचकूला। पंजाब के एडिशनल एक्साइज कमिश्नर नरेश दुबे की गाड़ी को टक्कर मारने के मामले में सेक्टर-7 पुलिस ने कार चला रही युवती के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, हरप्रीत सिंह ने शिकायत में बताया कि वह वर्तमान में पंजाब पुलिस में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं। वे एडिशनल कमिश्नर एक्साइज पंजाब नरेश दुबे के साथ तैनात हैं। 5 अक्टूबर को वे कमिश्नर नरेश दुबे के साथ मोहाली ऑफिस से सेक्टर-8 पंचकूला आ रहे थे। गाड़ी वह स्वयं चला रहे थे। जब वे गाड़ी लेकर सेक्टर 7/8 की ट्रैफिक लाइट पर पहुंचे और सिग्नल ग्रीन होने पर वे सेक्टर-8 की तरफ मुड़ने लगे तभी गीता चौक की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने रेड लाइट जंप कर उनकी कार को टक्कर मार दी। इस हादसे में उनकी गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दोनों हादसे में बाल-बाल बच गए। जिस कार ने टक्कर मारी उस कार को चला रही युवती की पहचान दिव्यांचल कपूर के नाम से हुई है।