संवाद न्यूज एजेंसी
राजपुरा। कार सवार पांच युवकों ने एक युवक से बुरी तरह मारपीट कर गंभीर घायल कर दिया, जिसे राजिन्द्रा अस्पताल पटियाला रेफर किया गया है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर पांचों युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस में दर्ज करवाई शिकायत में राजपुरा टाउन निवासी नितिक वर्मा ने बताया कि मंगलवार शाम वह कार से जरूरी कार्य के लिए जा रहा था कि आर्य समाज मंदिर के नजदीक एक रेहड़ी खड़ी होने की वजह से कार को साइड में रोककर खड़ा हो गया। इतने में एक अन्य कार सवार ने अपनी कार उसके आगे लगा दी और गाली गलाैज करने लगा। जब उन्हें ऐसा करने से रोका तो उन पांचों युवकों ने कार से उतर कर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इतना ही हाथ में नुकीली चीज से उनके सिर पर वार करते हुए गंभीर घायल कर दिया। राहगीरों ने उन्हें सिविल अस्पताल राजपुरा पहुंचाया जहां डाॅक्टरों ने उनकी हालत देख पटियाला के राजिन्द्रा अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने गांव नलास निवासी रोहित कुमार, गुलशन कुमार सहित पांच युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वारदात नजदीक लगे सीसीटीवी कैमरे में भी रिकार्ड हो गई।