पंचकूला। खंगेसरा से मट्टावाला जाने वाली सड़क पर हिमाचल नंबर की कार ने बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार और उसका बेटा घायल हो गया। फिलहाल दोनों का चंडीगढ़ पीजीआई में इलाज चल रहा है।
खंगेसरा निवासी मामचंद ने बताया कि 9 जून को उनका लड़का सुखविंद्र और पोता रिहांश किसी काम के सिलसिले में बाइक से खंगेसरा से मट्टावाला जा रहे थे। बीच रास्ते में ही सब्जी के खोखा के समीप हिमाचल नंबर की कार ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाप-बेटा बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। इसके तुरंत बाद लोगों ने घायल को इलाज के लिए सेक्टर-6 जनरल अस्पताल में एडमिट करवाया। गंभीर हालत देखकर डॉक्टरों ने सुखविंदर को चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया। उसे अभी तक होश नहीं आया है। रिहांश का इलाज सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल में चल रहा है।