पिंजौर। हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाने का झांसा देकर नौ माह बाद भी कार नहीं लौटाने पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी पर घर में आकर धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने पुरानी गाड़ियों को खरीदने और बेचने वाले लोहगढ़ निवासी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता सुनीता निवासी महादेव कॉलोनी रामपुर सियुडी पिंजौर ने बताया कि जनवरी माह में उसके पति ने बेटे को ऑल्टो कार खरीद कर दी। कार खरीदते ही टिंकू सैनी निवासी लोहगढ़ जो कि पुरानी गाड़ियां बेचने और खरीदने का काम करता है, उनसे मिला।
आरोपी उनकी कार हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाने के लिए ले गया। जुलाई माह में आरोपी टिंकू सैनी करीब 10 लड़कों के साथ उसके घर आया। उसने धमकी देकर कहा कि अगर उसकी शिकायत की तो वह उसे मरवा देगा और उसकी गाड़ी में नशीला पदार्थ रखवाकर उसे जेल भिजवा देगा। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके बाद उसने इसकी शिकायत अमरावती चौकी में दर्ज करने के लिए दी परंतु उन्होंने उसे पिंजौर थाने में भेज दिया। जब वह पिंजौर थाने पहुंची तो उन्होंने उसे अमरावती चौकी भेज दिया। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी कहीं सुनवाई नहीं हुई बल्कि उसे पुलिस वाले कभी इधर तो कभी उधर चक्कर लगवाते रहे।
उसकी कहीं शिकायत दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उसने एसपी पंचकूला को शिकायत कर आरोपी टिंकू सैनी के खिलाफ कार्रवाई कर कार वापस दिलवाने की गुहार लगाई। पुलिस ने कार्रवाई कर आरोपी टिंकू सैनी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।