पंचकूला। सेक्टर-3/21 अंडरपास के पास सोमवार दोपहर करीब 12 बजे सीटीयू बस और चंडीगढ़ नंबर की कार में टक्कर हो गई। हादसे में कार चालक सुरेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने उसे ऑटो की मदद से सेक्टर-21 स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि उसके सिर में गंभीर चोट आई है। कार में सवार महिला को भी मामूली चोटें लगी हैं। जानकारी के अनुसार सीटीयू बस सेक्टर-4/12 डिवाइडिंग रोड से होते हुए सेक्टर-3/21 अंडरपास की तरफ जा रही थी। इसी दौरान सेक्टर-3 देवीनगर की ओर से आ रही कार के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। कार की गति अधिक होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार बस के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और सड़क के बीच खड़ी क्षतिग्रस्त कार को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल की फोटो और वीडियो भी तैयार की। मामले की जांच के लिए सेक्टर-21 पुलिस चौकी को सूचना दी गई। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच कर रही है।