चंडीगढ़। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह किसानों के नाम पर दोहरी राजनीति कर रहे हैं। रेल मंत्रालय के आग्रह के बाद भी पंजाब में ट्रेनों के संचालन के लिए कैप्टन ईमानदारी से कार्य नहीं कर रहे हैं। चुग ने राज्य में रेलवे गतिरोध के लिए मुख्यमंत्री को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि कांग्रेस पंजाब में किसानों के नाम पर संकीर्ण राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस की कैप्टन सरकार, रेल मंत्रालय को आश्वासन देने के बावजूद प्रदर्शनकारी किसानों को मनाने व रेल पटरियों से हटाने में विफल रही है। उन्होंने मांग की कि कैप्टन को यात्री और मालगाड़ियों को प्रदेश में फिर से शुरू करने के लिए ईमानदारी से मदद करनी चाहिए ताकि राज्य की अर्थव्यवस्था को हो रहा नुकसान बंद हो और लोग त्योहार के मौसम में आवागमन कर सकें। उन्होंने कहा कि रेलवे पटरियों पर शांति सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी प्रदेश के मुख्यमंत्री की है। तरुण चुग ने रेलवे बोर्ड के चेयरमैन वीके यादव के उस बयान का स्वागत किया, जिसमें उन्होंने कहा है कि जब तक रेलवे लाइनों पर राज्य सरकार द्वारा पूर्ण सुरक्षा प्रदान नहीं की जाती, तब तक ट्रेनों का संचालन फिर से शुरू नहीं किया जा सकता ।