माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सेक्टर-26 से 25 के कम्युनिटी सेंटर तक शाम सात बजे एन्हांसमेंट, पानी के बिल, स्टिल्ट प्लस फोर, प्राइवेट स्कूलों में स्थानीय निवासियों को प्राथमिकता न देने, फीस में छूट और मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान लोगों ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण पर सौतेला और लापरवाह पूर्ण रवैये को लेकर रोष जताया। इसमें हरियाणा स्टेट हुडा सेक्टर्स कंफेडरेशन, ज्वाइंट एक्शन कमेटी, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों सहित आसपास के लोगों ने हिस्सा लिया। लोगों का आरोप है कि काफी समय से इन समस्याओं के समाधान में सरकार नाकाम रही है।
हरियाणा स्टेट हुड्डा सेक्टर कनफेडरेशन के अध्यक्ष यशवीर मलिक ने बताया कि एचएसवीपी को स्थापित नो प्राफिट नो लॉस के आधार पर किया गया था, लेकिन विभाग केवल व्यावसायिक तौर पर कार्य कर रहा है। जनता की जरूरतों को नजर अंदाज कर रहा है। एन्हांसमेंट के मुद्दे को लेकर उन्होंने बताया कि एचएसवीपी तीन न्यायाधीशों की रिपोर्ट के आधार पर एन्हांसमेंट कैलकुलेशन को लागू नहीं कर रहा है। एचएसवीपी को प्लॉट आवंटियों को भारी रकम वापस करनी पड़ेगी। उन्होंने बताया कि साल 2018 से प्लॉट आवंटियों द्वारा रिफंड की मांग की जा रही, जो कि आज तक पूरी नहीं हुई है। हरियाणा की जनता द्वारा स्टिल्ट प्लस फोर बिल्डिंगों के निर्माण का विरोध किया जा रहा है। इसके बावजूद भी सरकार बिल्डरों को फायदा पहुंचाने के लिए स्टिल्ट प्लस फोर बिल्डिंग को मंजूरी देने में तुली है।
यह फैसला जनता के हित में नहीं है। कंफेडरेशन शुरू से इन मांगों को उठाती आ रही है। हरियाणा के विभिन्न जिलों में इन मुद्दों को लेकर कैंडल मार्च निकाला जा रहा है। ज्वाइंट एक्शन कमेटी के अध्यक्ष नितेश मित्तल ने बताया कि एचएसवीपी का पानी का टैरिफ पब्लिक हेल्थ और इंजीनियरिंग विभाग के मुकाबले तीन गुना ज्यादा है। पब्लिक हेल्थ एंड इंजीनियरिंग विभाग का अधिकतम टैरिफ चार रुपये प्रति यूनिट के आसपास है। एचएसवीपी का अधिकतम टैरिफ 11 रुपये प्रति यूनिट के आसपास है। एचएसवीपी स्थानीय निवासियों की जेब काटने का काम कर रही है। विभाग को सालाना वित्तीय लाभ होने के बावजूद सेक्टरों में मूलभूत सुविधाओं की कमी है।
इस कैंडल मार्च में विभिन्न रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन व ज्वाइंट एक्शन कमेटी के पदाधिकारी संजीव गोयल, भगवान दास मित्तल,धरम सिंह हीरा, आरआर पॉल, योगेंद्र क्वात्रा, नीरज रायजादा, गोकुल चंद, बलवान सिंह, धर्म सिंह यादव, पुष्पा सिंगरोहा आदि मौजूद रहे।