लालड़ू। अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर स्थित आईटीआई चौक पर ट्रैफिक लाइट्स रेड होने पर जल्दी निकलने के लिए एक हरियाणा रोडवेज बस चालक ने गलत तरीके से डिवाइडर पार करने की कोशिश की। इस दौरान ड्रैनेज की स्लैब टूटने से हादसा होते-होने बच गया। हादसे में बस में सवार करीब छह सवारियों को मामूली चोटें आईं, जबकि सर्विस रोड से निकल रहे राहगीर बाल-बाल बच गए।
जानकारी अनुसार आईटीआई चौक पर ट्रैफिक लाइट्स रेड हुई थी। इस दौरान अंबाला से चंडीगढ़ जाने वाले वाहनों की कतार लगी थी। तभी एक हरियाणा रोडवेज बस चालक ने जाम से बचने के लिए बस को ड्रैनेज डिवाइडर पर चढ़ा दिया। बस के वजन से ड्रेनेज की स्लैब टूट गई और बस का अगला टायर ड्रेनेज में गिरकर फंस गया। इस दौरान करीब छह सवारियों को मामूली चोटें भी आई। हादसे के बाद बस की सवारियों को दूसरी बस में भेजा गया।
राहगीरों का कहना है कि सड़कों पर हरियाणा रोडवेज बसों की बेतरतीब आवाजाही से राहगीरों की जान को खतरा बना रहता है। पुलिस को लोगों की सुरक्षा को देखते हुए यातायात के नियमों की उल्लंघना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। संपर्क करने पर ट्रैफिक पुलिस प्रभारी लैहली जसबीर सिंह ने कहा कि यातायात बाधित करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि बस ड्राइवर की लापरवाही को देख गलत ड्राइविंग का चालान काटा गया है। उन्होंने कहा कि राहगीरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात को सुचारू रूप करने के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।