पंचकूला। भवन निर्माण कामगार यूनियन हरियाणा सीटू की जिला कमेटी की बैठक रायवाली रोड पर स्थित कार्यालय में रविवार को हुई। जय भगवान की अध्यक्षता में बैठक में जिला सचिव लच्छी राम शर्मा ने कहा कि 5 अगस्त को बरवाला में विरोध प्रदर्शन और 25 अगस्त को मंत्री अनिल विज के अंबाला स्थित आवास का घेराव किया जाएगा। शर्मा ने सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई करने की बजाय सरकार ने निर्माण मजदूरों के पंजीकरण, सुविधाएं और डीबीटी भुगतान जैसी तमाम योजनाओं पर तुगलकी फरमान जारी कर रोक दिया है। इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कन्यादान, मृत्यु सहायता, छात्रवृत्ति, पितृत्व-मातृत्व लाभ, स्कूटी योजना आदि के हजारों आवेदन तीन-तीन महीने से पूर्ण होने के बावजूद लंबित हैं। अब डीबीटी पर अस्थायी रोक लगाकर मजदूरों को उनका हक़ देने से वंचित किया जा रहा है। बैठक में गुरमीत सिंह, रामेश्वर दास, कुलदीप सिंह, परमाल सिंह, मेहर गोयल, लाभ सिंह, और उर्मिला सहित कई सदस्य मौजूद रहे।