बरवाला। अधिकारियों के आश्वासन के बावजूद बरवाला अनाज मंडी में खरीद एजेंसियों की ओर से दूसरे दिन भी धान की फसल की खरीद व उठान का कार्य नहीं हो पाया। इस कारण मंगलवार को फिर किसान व आढ़ती काफी परेशान नजर आए। नाराज किसानों ने मार्केट कमेटी कार्यालय के बाहर रोष-प्रदर्शन किया
मंडी एसोसिएशन के प्रधान हरपाल सिंह राणा, आढ़ती अक्षय कुमार, हरिओम, सुभाष मेहता, किशन बिंदर, सोनू, हरप्रीत, बलजीत सिंह, पुरुषोत्तम, सतपाल सिंह आदि ने बताया कि सरकार की ओर से सरकारी एजेंसी वेयरहाउस व हैफेड की ओर से मंडी में न तो किसानों की फसल की खरीद की जा रही है और न ही मंडी से फसल का उठान किया जा रहा है। खरीद एजेंसियों की ओर से मंडी में धान की फसल की भराई करने के लिए बारदाना भी नहीं उपलब्ध करवाया जा रहा है।
किसानों ने बताया कि मंडी से फसल का उठान ना होने से पूरी मंडी धान की फसल से भर गई है। जिससे मंडी में अपनी फसल लेकर आने वाले किसानों को अपनी फसल गिराने के लिए जगह ही मिल पा रही है। किसानों की ट्रैक्टर-ट्रॉलियां मंडी में धान की फसल से भरी खड़ी हैं।
आढ़तियों व किसानों ने कहा कि उन्हें मार्केट कमेटी के अधिकारियों की ओर से 7 अक्टूबर को 8 अक्टूबर तक समस्या का समाधान करवाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन दूसरे दिन भी समस्या जस की तस बनी रही। पूरा दिन आढ़ती व किसान परेशान रहे। अपनी इस समस्या को लेकर उन्होंने सरकारी खरीद एजेंसियों के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। साथ ही चेतावनी दी कि अगर 9 अक्टूबर को समस्या का समाधान न हुआ तो बरवाला-पंचकुला मार्ग को जाम करेंगे।