गांव खेतपुराली-त्रिलोकपुर के बीच पड़ने वाली नदी पर पुल न होने के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खेतपुराली के ग्रामीण रामेश्वर, गणेशपुर के कृष्ण, तरसेम, मेहर सिंह, निर्मल सिंह ने बताया कि कई गांवों के लोगों को इसी नदी से गुजरकर गांव में आना-जाना पड़ता है। बरसात के दिनों में रास्ता बंद हो जाता है। जबकि इस नदी से करीब 56 गांवों के बच्चों को राजकीय उच्च विद्यालय खेतपुराली में शिक्षा के लिए जाना पड़ता है। बरसात के कारण खेतपुराली, रत्तेवाली, सबीलपुर गांवों से संपर्क कट जाता है। चुनाव होते हैं तो राजनीतिक नुमाइंदे नदी पर पुल बनवाने का वायदा करते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद वादे को भूल जाते हैं। ग्रामीणों ने मौजूदा सरकार से इस नदी पर पुल लगाए जाने की मांग की है।