संवाद न्यूज एजेंसी
बरवाला। बरवाला मौली मार्ग पर वीरवार देर शाम लावारिस पशु से टकराकर एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसमें बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए। घायलाें में एक ने दम तोड़ दिया। जानकारी अनुसार रविंदर वासी मौली अपनी मोटरसाइकिल पर बरवाला से मौली की तरफ जा रहा था। उसके साथ उसकी मोटरसाइकिल पर मानिक और नाजीर नाम उसके पीछे बैठे थे। जैसे ही यह तीनों टांगरी नदी पुल से पार पहुंचे तो रात के अंधेरे में अचानक से उनके मोटरसाइकिल के आगे कोई लावारिस पशु आ गया।
उससे टकराकर ये तीनों सड़क पर जा गिरे। इस घटना में रविंद्र को सिर और छाती में गंभीर चोटें आईं। वह बेहोश हो गया। सड़क से गुजर रहे लोगों ने इस घटना की सूचना तुरंत मौली पुलिस चौकी और डायल 112 को दी। ड्यूटी पर जा रहे बरवाला स्वास्थ्य केंद्र के एंबुलेंस चालक ने फोन कर एंबुलेंस को बुलाया और घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए। स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों ने रविंद्र को मृत्यु घोषित कर दिया।
दो अन्य घायलों को उपचार के बाद सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल भेज दिया। रविंद्र मौली बरवाला मौली मार्ग पर स्थित सुबीश पोल्ट्री फार्म में नौकरी करता था। उसकी मोटरसाइकिल पर सवार मानिक और नाजीर वासी बिहार भी इस पोल्ट्री फार्म में काम करते हैं। मौली पुलिस चौकी इंचार्ज मनदीप ढांडा ने बताया कि मंत्री अनिल विज की क्रॉसिंग के कारण डायल 112 में पीसीआर व्यस्त होने के कारण घटनास्थल पर देरी से पहुंच पाई।