पंचकूला। भारतीय मजदूर संघ ने बुधवार को 70वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। सेक्टर-14 के विद्युत सदन में आयोजित इस समारोह की अध्यक्षता अनुबंध विद्युत कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रवि पून ने की, कार्यक्रम का आयोजन भारतीय मजदूर संघ के विभाग प्रमुख नरेश बालू के मार्गदर्शन में किया गया। इसकी शुरुआत दीप प्रज्ज्वलित करने के साथ संघ के संस्थापक दत्तोपंत ठेंगड़ी के चित्र पर माल्यार्पण करके की गई। इस अवसर पर अध्यक्ष अरविंद ने संगठन के इतिहास, विकास यात्रा व मूल सिद्धांतों की जानकारी दी। विभाग प्रमुख नरेश बालू ने भारतीय मजदूर संघ की स्थापना और पंच परिवर्तन सिद्धांत तथा स्वदेशी सोच के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि किस प्रकार भारतीय मजदूर संघ का उद्देश्य केवल मजदूर हित नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी है। इस अवसर पर जिला सचिव पृथ्वी, सुमित, अमीर सिंह, राजीव, अभय, बलबीर सिंह, वीरेंद्र, चेतन, गीतेश, गुरुचरण, कुलदीप, सुमन, कृष्णा, मीनाक्षी, अंजना, रेखा सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति और वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।