लालडू। भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां ब्लॉक समिति डेराबस्सी जिला मोहाली की बैठक शनिवार को गांव जोलाकलां में हुई। इसकी अध्यक्षता करते हुए लखविंदर सिंह हैप्पी मलकपुर ने बताया कि पंजाब सरकार लैंड पूलिंग के तहत किसानों की जमीनें छीनने जा रही है। किसानों ने इसका विरोध करते हुए सरकार को चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने किसानों की जमीनों पर जबरन कब्जा किया तो यूनियन बड़े स्तर पर पंजाब सरकार के खिलाफ बड़ा संघर्ष शुरू करेगी। यह भी कहा कि गांवों में सरकार के नेता या सरपंच हमारे किसानों पर राजनीतिक दबाव बनाकर उन्हें गलत तरीके से परेशान कर रहे हैं। यूनियन इसका विरोध करती है और भविष्य में अगर कोई भी सरकारी प्रतिनिधि, गांव का राजनीतिक नेता या कोई भी सरकारी अधिकारी किसानों पर अत्याचार करता है तो यूनियन उनका घेराव करेगी और राजनीतिक नेताओं को गांवों में घुसने नहीं दिया जाएगा। इस अवसर पर अध्यक्ष के अलावा गुरभजन सिंह धर्मगढ़, जसवंत सिंह कुरली, लखविंदर सिंह लक्की साधापुर, बलदेव सिंह रूड़की, गुरमुख सिंह, अमनप्रीत सिंह हंडेसरा, जय सिंह, शीश राम नंबरदार, करनैल सिंह व अन्य किसान माैजूद थे।