चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान बुधवार को दिल्ली में पार्टी के नेशनल कन्वीनर और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात करने पहुंचे। दोनों नेताओं की यह मुलाकात केजरीवाल के आवास पर हुई, जहां राघव चड्ढा भी मौजूद रहे। हालांकि इस बैठक को लेकर पार्टी और तीनों नेताओं द्वारा कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई लेकिन मान और केजरीवाल की इस मुलाकात ने पंजाब में सियासी चर्चाओं का दौर शुरू कर दिया।
दोनों नेताओं के बीच यह बैठक ऐसे समय में हुई है, जब पार्टी सुप्रीमो गुजरात और हिमाचल प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति बनाने में व्यस्त हैं और पंजाब में एडवोकेट जनरल के इस्तीफे व नई नियुक्ति को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। माना जा रहा है कि आप सुप्रीमो गुजरात और हिमाचल प्रदेश में चुनाव प्रचार के लिए पंजाब में अपनी पार्टी की सरकार के कामों को आधार बनाएंगे और इसके लिए प्रचार में उन्हें मुख्यमंत्री भगवंत मान की भी जरूरत होगी।
इधर, पंजाब में पुलिस के लगातार बढ़ते दबाव से नशे और गैंगस्टरों पर कस रही नकेल ने प्रदेश सरकार के अलावा आप सुप्रीमो को भी राहत दी है और वह उक्त दोनों राज्यों में पंजाब को अपनी पार्टी की योग्य कार्यप्रणाली के उदाहरण के रूप में पेश कर सकते हैं। इसके अलावा पंजाब में दो महीने में 600 यूनिट मुफ्त बिजली और 15 अगस्त को सूबे में दिल्ली के मोहल्ला क्लीनिकों की तर्ज पर 75 आम आदमी क्लीनिकों की शुरुआत भी नई उपलब्धियों के रूप में जुड़ेंगी। माना जा रहा है कि बैठक में पंजाब में सरकार के मौजूदा कार्यक्रमों के अलावा आप की चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई है।