पंचकूला। लोकतांत्रिक देश में एक आम आदमी की ताकत होती है उसका मताधिकार। इसका उपयोग कर वह अपने लिए एक बेहतर सरकार के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए हर योग्य व्यक्ति को अपने मताधिकारी का प्रयोग अनिवार्य तौर पर करना चाहिए। इसके प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए 12 मई को अमर उजाला की ओर से सुबह 6.30 बजे सेक्टर-5 के यवनिका पार्क से वॉकथॉन का आयोजन किया जा रहा है। इसका शुभारंभ हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस दौरान पंचकूला के डीसी यश गर्म और एडीसी सचिन गुप्ता सहित प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहेंगे। आप सबसे अपील है कि इसमें अधिक से अधिक संख्या में पहुंच कर मतदान के लिए लोगों को जागरूक करें। लोकसभा चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान कर हम अपने लिए एक बेहतर प्रतिनिधि और सरकार चुन सकते हैं। आप लोगों का एक-एक मत आपकी दिशा व दशा तय करेगा। मतदान से आने वाले परिणाम को हम जनादेश यानी जन का आदेश कहते हैं। जो यह तय करता है कि उनका प्रतिनिधित्व कौन करेगा। इसलिए हर नागरिक का कर्तव्य बढ़ जाता है कि वह मतदान कर अपना प्रतिनिधि चुने। चुनाव आयोग भी इसके लिए पूरी कोशिश कर रहा है। यह वॉकथॉन सेक्टर-5 और 9 की डिवाइडिंग रोड होते हुए सेक्टर-5 और 8 लाइट प्वाइंट की डिवाइडिंग रोड से यू टर्न लेकर यवनिका पार्क के गेट के पास संपन्न होगा। इस कार्यक्रम के आयोजन में दृष्टि आई अस्पताल और एलपीएस बोसार्ड ने भी सहयोग किया है।
क्यू आर कोड से करें पंजीकरण
इस वॉकथॉन में हिस्सा लेने के लिए आप क्यूआर कोड स्कैन कर खुद को पंजीकृत कर सकते हैं। इसमें हिस्सा लेने के लिए उम्र की कोई सीमा नहीं है। किसी भी उम्र का व्यक्ति इसमें शामिल हो सकता है। इस आयोजन में पंचकूला महिला क्लब, रोलिंग टाइगर्स क्लब, संभव वेलफेयर फाउंडेशन रोटरी क्लब, पंचकूला सिटीजंस वेलफेयर एसोसिएशन, श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट पंचकूला सहित पंचकूला के कॉलेज और स्कूल भाग ले रहे हैं।