पंचकूला। बरोटी वाला रोड मंढावाला, कालका में कोरोना संक्रमित केस मिलने पर उपायुक्त ने इस क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। इसके साथ लगते क्षेत्र को बफर जोन रहेगा। एक अन्य आदेश में बसंत विहार कालोनी, नीलकंठ मंदिर कालका के कंटेनमेंट जोन को खोल दिया गया है। उपायुक्त के आदेशानुसार इस कंटेनमेंट जोन के एसडीएम राकेश संधू ओवरआल इंचार्ज होंगे और तहसीलदार वीरेंद्र गिल उनकी सहायता करेंगे। कंटेनमेंट जोन में पशुपालन विभाग के उपनिदेशक पशु चारे की व्यवस्था करेंगे और जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी क्षेत्र को सैनिटाइज करवाने और सरपंच कूड़े का निस्पादन करना सुनिश्चित करेंगे। इसके अलावा सिविल सर्जन डॉ. जसजीत कौर मरीजों को आइसोलेट करने के अलावा चिकित्सकों की टीमों का गठन कर घर-घर स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कंटेनमेंट जोन एवं बफर जोन में पुलिस उपायुक्त मोहित हांडा पर्याप्त संख्या में पुलिस कर्मचारियों की तैनाती करने और नाके लगवाना सुनिश्चित करेंगे। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक आवश्यक सेवाओं की पूर्ति और कार्यकारी अभियंता उत्तर हरियाणा बिजली निगम बिजली सप्लाई तथा कार्यकारी अभियंता जन स्वास्थ्य विभाग को पेयजल सप्लाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।