पंचकूला। युवाओं को ड्राइविंग करते वक्त मोबाइल, ईयर फोन और ब्लू ट्रूथ का उपयोग नहीं करना चाहिए। दोपहिया वाहन चलाने के दौरान इनका उपयोग करते हैं तो हादसे में जान जाने का खतरा बना रहता है। इस कारण अपने जीवन को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी एहतियात बरतना चाहिए। गवर्नमेंट सार्थक सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-12ए में शनिवार को पुलिस की पाठशाला सेमिनार में ट्रैफिक इंस्पेक्टर जगपाल सिंह ने बच्चों को संबोधित किया।
अमर उजाला फाउंडेशन की तरफ से आयोजित सेमिनार में उन्होंने बच्चों से बिना लाइसेंस वाहन नहीं चलाने की अपील की। इस तरह के हालात में उनका चालान हो सकता है। शहर में सभी रूटों पर कैमरे लगाए गए हैं, इसलिए उन्हें इससे बचना चाहिए। विद्यार्थियों को जागरूक कर उन्होंने गाड़ी की स्पीड लिमिट की भी जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ही चलाई जा सकती है। उन्होंने हेलमेट का महत्व भी बताया। उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल चलाने वाले के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट लगाना बहुत जरूरी है। अगर इस दौरान कोई हादसा होता है तो हेलमेट आपके सिर को चोट लगने से बचाता है। लोगों को बिना हेलमेट के सफर नहीं करना चाहिए।
हेलमेट लगाएं और जेब्रा क्रॉसिंग का पालन कर चलें। इस दौरान सड़क हादसों के बारे में बताया गया कि बड़े वाहन जब सड़क पर चल रहे हों तो साइकिल, स्कूटर और मोटरसाइकिल से चलने वाले लोग उचित दूरी बनाकर चलें। इस दौरान सब इंस्पेक्टर रोशन लाल, हेड कांस्टेबल जितेंदर और योगेश कुमार ने बच्चों को ट्रैफिक नियम के निशान बताकर जागरूक किया। पंचकूला ट्रैफिक इंचार्ज ने छात्रों को पुलिस पाठशाला में जागरूक कर कहा कि आप लोग नियमों का पालन करें। टू व्हीलर पर हेलमेट जरूर पहनें और चार पहिया वाहन पर सीट बेल्ट जरूर लगाएं। विद्यार्थी जब तक ड्राइविंग लाइसेंस नहीं बन जाए तब तक वाहन लेकर स्कूल नहीं आएं। इस मौके पर स्कूल की वाइस प्रिंसिपल किरन सहित अन्य अध्यापक मौजूद रहे।
पुलिस पाठशाला से मिली सीख
पुलिस पाठशाला के माध्यम से हमें ट्रैफिक नियम की जानकारी मिली। हम इन नियमों का पालन करेंगे। इसके अलावा ट्रैफिक नियम के प्रति हम अपने घर के सभी लोगों को जागरूक करेंगे। - अमन देओल, छात्र
पाठशाला से सिग्नल का मतलब पता चला
पाठशाला के माध्यम से हमें ट्रैफिक चौराहों की लाइटों, सिग्नल और स्पीड लिमिट का पता चला। इसके साथ ही ट्रैफिक के हेल्पलाइन नंबर की जानकारी मिली। हमें रोजाना घर से स्कूल जाना होता है। अब मैं इन नियमों का पालन जरूर करूंगा और लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करूंगा। - युगल शर्मा, छात्र
जेब्रा क्रॉसिंग पर भी नियमों का पालन करेंगे
कई बार नियम नहीं पता होने के कारण हम जेब्रा क्रॉसिंग के बारे में नहीं जानते हैं। इसलिए जेब्रा क्रॉसिंग के हिसाब से नियमों का पालन नहीं करते हैं। अब ट्रैफिक के हर नियम का पालन कर अपने को सुरक्षित रखेंगे। - अनुराग पांण्डेय, छात्र
हेलमेट पहनकर ही दोपहिया वाहन में सफर करेंगे
दुपहिया वाहन का सफर हेलमेट पहनकर करेंगे। पाठशाला के माध्यम से हमें हेलमेट की अहमियत का पता चला है। इसलिए नियमों की अनदेखी नहीं करेंगे। अपने साथ सभी को इस बारे में जागरूक करेंगे। - गुंजन, छात्रा
बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन नहीं चलाएंगे
दोपहिया और चार पहिया वाहन बिना ड्राइविंग लाइसेंस के नहीं चलाएंगे। इसके बिना वाहन चलाना कानूून का उल्लंघन है। इसलिए इस नियम का पालन करने के साथ लोगों को भी इसके बारे में बताएंगे। - स्नेहा, छात्रा
कभी मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करेंगे
वाहन को चलाते समय कभी भी मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करेंगे। ट्रैफिक की यह महत्वपूर्ण जानकारी पाठशाला के माध्यम से मिली। इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन शहर के सभी स्कूलों में हो, जिससे छात्र जागरूक हो और सड़क हादसों में पूरी तरह रोक लगे। - नरिंदर कौर, छात्रा