फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Panchkula News: पंजाब में विद्यार्थियों की ऑनलाइन ही लगेगी हाजिरी, रजिस्टर का झंझट खत्म

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। पंजाब के सभी सरकारी स्कूलों में अब विद्यार्थियों की ऑनलाइन ही हाजिरी लगेगी, क्योंकि शिक्षा विभाग ने ई पंजाब स्कूल लॉगिन एप पर अब स्टूडेंट लिंक भी शामिल कर लिया है। इससे अब रजिस्टर पर हाजिरी लगाने का झंझट खत्म हो जाएगा। शिक्षा विभाग पिछले काफी समय से इस पर काम कर रहा था। पहले शिक्षकों के लिए भी ऑनलाइन हाजिरी की सुविधा शुरू की गई थी। विभाग के सहायक निदेशक कोऑर्डिनेशन ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। विद्यार्थियों की ऑनलाइन हाजिरी से अब शिक्षकों का काफी समय बचेगा, क्योंकि अभी फिलहाल उनको दो बार विद्यार्थियों की हाजिरी लगानी पड़ती है। पहले रजिस्टर पर सभी विद्यार्थियों की हाजिरी लगाने के बाद फिर उसे ऑनलाइन अपलोड करना पड़ता है। नई सुविधा के साथ वह सीधे ऑनलाइन ही विद्यार्थियों की हाजिरी लगा सकेंगे। इस संबंध में विभाग की तरफ से सभी जिला शिक्षा अधिकारियों व स्कूल प्रमुखों को पत्र जारी कर दिया गया है। पत्र में कहा है कि सभी स्कूल शिक्षकों व प्रभारियों की तरफ से विद्यार्थियों की हाजिरी रजिस्टर पर लगाने के बाद पोर्टल पर अपलोड की जाती है। ऐसा करने से शिक्षकों का काफी समय खराब होता है। शिक्षकों की ऐसी समस्याओं को मुख्य रखते हुए स्कूल में मौजूदा समय के दौरान इस्तेमाल की जाती मोबाइल एप ई पंजाब स्कूल लॉगिन के अधीन विद्यार्थियों की हाजिरी के लिए एक नया लिंक प्रदान कर दिया गया है। स्कूल शिक्षक इसकी मदद से कक्षा अनुसार विद्यार्थियों की हाजिरी लगा सकते हैं।
विज्ञापन


शिक्षक ऐसे लगा सकेंगे विद्यार्थियों की हाजिरी :

कक्षा के चयन करते ही विद्यार्थियों की सूची अपने आप एप पर डिस्पले हो जाएगी। स्कूल शिक्षक को सिर्फ वही विद्यार्थियों का चयन करना हैं, जो उस दिन गैर हाजिर है। सिस्टम में मार्क किए विद्यार्थियों को गैरहाजिर कर दिया जाएगा, जबकि बाकी विद्यार्थियों की हाजिरी लग जाएगी। उक्त एप गूगल प्ले स्टोर और एपल आईओएस स्टोर पर भी उपलब्ध है। विभाग ने निर्देश दिए हैं कि एप के जरिये ही विद्यार्थियों की हाजिरी रोजाना लगाना सुनिश्चित की जाएगी, क्योंकि अगले कुछ दिनों में विभाग की तरफ से रजिस्टर पर हाजिरी को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

आगे भी सिस्टम को अपग्रेड करेगा विभाग :
इसके अलावा विभाग की तरफ से आगे भी सिस्टम को अपग्रेड किया जाएगा और इसमें विद्यार्थियों की सुविधा के लिए कई नए प्रावधान शामिल करने की तैयारी की जा रही है, ताकि विद्यार्थी खुद ही अपनी हाजिरी लगा सकें। राज्य में इस समय करीब 19000 सरकारी स्कूल हैं, जिनमें 30 लाख विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। पिछले साल ऑनलाइन हाजिरी की सुविधा शुरू करने का फैसला लिया गया था। शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस ने इसके आदेश जारी किए थे। हालांकि एप पर स्टूडेंट लिंक की सुविधा न होने के चलते पूरी तरह इस सिस्टम को शुरू नहीं किया जा सका था। यही कारण है कि शिक्षक रजिस्टर पर हाजिरी लगाकर ही पोर्टल अपलोड करते थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें