रायपुररानी। रायपुररानी थाना में अनाज मंडी के पास स्थित जय बाला जी ऑटो रिपेयर दुकान के मालिक पर दो नकाबपोश युवकों की ओर से हमला करने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, जयकरण पुत्र कृष्ण लाल ने पुलिस को बताया कि 9 दिसंबर को वह दुकान बंद कर घर लौटने के लिए त्रिलोकपुर चौक पर बस पकड़ने जा रहे थे। जब वह एसबीआई बैंक रायपुररानी के पास पहुंचे तो अचानक दो नकाबपोश युवक हाथों में नुकीले डंडे लेकर सामने आ गए और बिना कारण हमला कर दिया। हमलावरों ने जयकरण के सिर, हाथ और दोनों टांगों पर डंडों से हमला किया और जाते समय धमकी दी कि भविष्य में उनके साथ पंगा लिया तो जान से मार देंगे। इसके बाद दोनों हमलावर एक व्यक्ति की मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए। जानलेवा हमले में जयकरण को गंभीर चोटें आईं। जिसके बाद घायल जयकरण को तुरंत रायपुररानी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां उनका इलाज जारी है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि यह हमला दिलबाग उर्फ बंटी और हुसन कुमार ने करवाया है। वहीं, पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी तफ्तीश शुरू कर दी है।