पंचकूला। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने एएसआई रविंदर कुमार को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। एएसआई रविंदर कुमार मौजूदा समय में सेक्टर-20 थाने में तैनात है। पुलिस के मुताबिक शिकायतकर्ता विनीत वर्मा ने एंटी करप्शन ब्यूरो को शिकायत दी थी कि सेक्टर-20 थाने में तैनात रविंदर कुमार ने लड़ाई-झगड़े के एक मामले को सुलझाने के लिए 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। एएसआई ने आश्वासन दिया था कि रुपये देने के बाद मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की जाएगी। वीरवार शाम को विनीत वर्मा ने एएसआई को पैसे देने के लिए सेक्टर-20 मंडी के पास बुलाया। एएसआई सिविल ड्रेस में अपनी कार से सेक्टर-20 मंडी के पास पहुंचा। इस दौरान एएसआई ने शिकायतकर्ता विनीत वर्मा से जैसे 10 हजार रुपये लिए एसीबी की टीम ने रविंदर कुमार को रंगे हाथों दबोच लिया। इसके बाद टीम आरोपी को सेक्टर-17 एसीबी थाने लेकर पहुंची और मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। एसीबी शुक्रवार को आरोपी को अदालत में पेश करेगी।