पिंजौर। रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन चाणक्यपुरी ने एसोसिएशन प्रधान की अध्यक्षता में एसडीओ पब्लिक हेल्थ पिंजौर को ज्ञापन सौंपकर कॉलोनी में सीवर लाइन डालने की मांग की। इस दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारियों सहित कॉलोनी के लोगों ने विभाग के खिलाफ रोष जताया। एसोसिएशन प्रधान एमएस कौशिक ने बताया कि विभाग को 2018 में कॉलोनी में सीवर लाइन बिछाने के लिए पत्र सौंपा गया था। इसके अलावा उनकी कॉलोनी में 2019 से मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से सीवर लाइन स्वीकृत है, बावजूद इसके विभाग ने उनकी कॉलोनी में अभी तक सीवर लाइन नहीं बिछाई है। इसको लेकर उन्होंने अनेकों बार कार्यालय को मांग पत्र सौंपकर सीवर लाइन बिछाने की मांग की है परंतु विभागीय अधिकारी हर बार कोई न कोई बात कहकर उन्हें टाल देते हैं। इस संदर्भ में अधिकारी कहते हैं कि टेंडर लगने वाला है। एमएस कौशिक ने बताया कि टेंडर लगने की बात तो अधिकारी दो साल से कह रहे हैं परंतु क्या अभी तक टेंडर नहीं हुआ। नाराजगी प्रकट करने वालों में शुभराम, राम अवतार, विजय सिंह, सीपी नेगी, भगतचंद, रूप सिंह भंडारी, पंकज नेगी, जगपाल मेहता आदि मौजूद रहे।