माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने सिंगल गर्ल चाइल्ड स्कॉलरशिप के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पंचकूला सीबीएसई के रीजनल ऑफिसर विजय यादव ने बताया कि इसके लिए छात्राएं 18 अक्तूबर तक आवेदन कर सकती हैं। इसमें हरियाणा बोर्ड के सीबीएसई में शामिल स्कूल की छात्राएं भी अप्लाई कर सकती हैं। ऑनलाइन माध्यम से भेजे आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि वे छात्राएं, जो अपने माता-पिता की इकलौती संतान हैं।
जिन्होंने 10वीं में पहले पांच विषयों में 60 प्रतिशत या अधिक अंक प्राप्त किए हैं, वे छात्रवृत्ति की पात्र हैं। छात्रवृत्ति योजना के तहत प्रतिमाह 500 रुपये मिलेंगे। सभी एकल छात्राएं जो कक्षा 11वीं और 12वीं में पढ़ रही हैं, जिनकी ट्यूशन फीस 1,500 रुपये प्रतिमाह से अधिक नहीं है, वे छात्रवृत्ति की पात्र हैं। इसके लिए अप्लाई करने के लिए सबसे पहले सीबीएसई की अधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर जाएं। मुख्य वेबसाइट लिंक पर क्लिक करें। अब आवेदन करने के लिए लिंक पर क्लिक करें और आवेदन पत्र भरें। शुल्क का भुगतान करें और दस्तावेज अपलोड करें। आवेदन पत्र डाउनलोड करें और प्रिंट आउट ले लें।