पंचकूला में कुत्ते के काटने से गंभीर रूप से घायल हुई चार वर्षीय अनन्या को चार दिन बाद वीरवार को पीजीआई से डिस्चार्ज कर दिया गया। अनन्या मंगलवार से ही सॉलिड डाइट लेने लगी थी। पीजीआई के डाक्टर्स के मुताबिक, उसके गाल के घाव भरने लगे हैं। सेहत में तेजी से सुधार हो रहा है। इसलिए पहले उसे बुधवार को ही डिस्चार्ज किया जा सकता था, लेकिन वीरवार को उसे एंटी रेबीज वैक्सीन दी जानी थी, ऐसे में वैक्सीन देने के बाद ही उसे डिस्चार्ज किया गया। ट्रॉमा सेंटर में प्लास्टिक सर्जरी डिपार्टमेंट के डॉक्टर्स का कहना है कि अनन्या की सर्जरी के बाद जो टांके लगाए गए हैं, उसके दाग पूरी तरह से ठीक नहीं होंगे। ठीक होने के बाद मामूली निशान रह जाएंगे। डॉक्टर्स ने पूरी कोशिश की है कि बच्ची के गाल पर ज्यादा निशान न पड़ें। इसलिए पतले टांके लगाए गए हैं। रविवार को अनन्या को एक कुत्ते ने उसके गले पर काट दिया था। इससे उसके गले पर काफी लंबा घाव हो गया था। घाव को भरने के लिए उसे 25 से ज्यादा टांके लगाए गए थे।