माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सेक्टर-16 के अग्रवाल भवन के समीप महिला को धमका कर उससे सोने की बालियां और चेन छीनने का मामला सामने आया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर सेक्टर-14 थाने में ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चंडीगढ़ मौलीजागरां की रहने वाली अमरवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 6 मार्च की दोपहर वह अपनी पेंशन और दवाइयां लेने सेक्टर-16 जा रही थी। जैसे ही वह अग्रवाल भवन के समीप पहुंची तो वहां पर पहले से मौजूद तीन लड़के उसके पास आए और साथ चलने लगे।
उन्होंने महिला को पहले डराया कि वह सोने की चेन और कानों में बालियां नहीं पहने। कोई छीन लेगा। आरोपियों ने कहा कि गहने निकाल कर दे दे। जब वह घर पहुंचेगी तो दे देगा। महिला ने डर के कारण अपने सोने की चेन और बालियां उतारकर आरोपियों को दे दिया। इसके बाद महिला को आरोपियों ने जादू मंत्र से ठीक करने की बात कही और माचिस जलाई। महिला को फर्जीवाड़ा का अंदेशा हुआ तो सोने की चेन और कानों की बालियां लौटाने को कहा लेकिन आरोपी धमकी देकर फरार हो गए।