बरवाला। पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय मौली में पूर्व छात्र मिलन समारोह आयोजित किया गया। इसमें विद्यालय के प्राचार्य रुपचंद ने मुख्य अतिथि जिला राजस्व अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह का पुष्पगुच्छ भेंट से स्वागत किया। कार्यक्रम में आए सभी पूर्व छात्रों का विद्यालय में तिलक और पुष्प भेंट से स्वागत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, विद्यालय के प्राचार्य, उप प्राचार्य, विद्यालय की पूर्व उप प्राचार्य और पूर्व छात्रों ने मां सरस्वती की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्वलित करके किया। इसके उपरांत विद्यालय के प्राचार्य ने मुख्य अतिथि और पूर्व छात्रों का स्वागत किया। इस कार्यक्रम के दौरान पूर्व छात्र रणदीप, उर्मिला, दीपकमल, राजेश ढुल, अमनदीप सिंह, राजेश चौधरी, विजय, तनवीर मलिक, रवि पूजा व अन्य पूर्व छात्रों ने नवोदय विद्यालय से बाहर के अपने अनुभव साझा किए। मुख्य अतिथि डॉ. कुलदीप सिंह ने कहा कि छात्रों को लगन व पूर्ण निष्ठा के साथ पढ़ाई करनी चाहिए। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य रूपचंद ने मुख्य और अन्य अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।