पंचकूला। असिस्टेंट लाइनमैन (एएलएम) भर्ती फर्जीवाड़ा में आरोपी संजय तिवारी को एसआईटी ने गिरफ्तार कर सोमवार को जिला अदालत में पेश किया। आरोपी को जिला अदालत ने एक दिन के रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर एसआईटी दबिश दे रही है। आरोपी संजय तिवारी ने बताया कि उसकी जगह फर्जी उम्मीदवार ने परीक्षा दी थी। परीक्षा देने वाले फर्जी उम्मीदवार की तलाश पुलिस की तरफ से हिसार में की जा रही है।
पूछताछ में संजय ने बताया कि रामफल ने कोचिंग संस्थान के उम्मीदवार को करनाल में हुई परीक्षा में उसकी जगह बैठाया था। परीक्षा देने वाले की जानकारी उसे नहीं हैं। वहीं रामफल से भी इस बारे में पूछताछ की गई थी। आरोपी रामफल ने माना कि उसने छह से ज्यादा लोगों की परीक्षा की सेटिंग की थी। पंचकूला एसीपी विजय नेहरा ने बताया कि आरोपी पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही इसमें शामिल अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस की तरफ से हरियाणा के विभिन्न जिलों में दबिश दी जा रही है।