हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रेवाड़ी में बनने वाले एम्स के लिए 200 एकड़ जमीन खरीदने को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री यहां आठ प्रोजेक्ट्स के लिए ई -भूमि पोर्टल पर उपलब्ध जमीन को खरीदने के लिए हुई हाई पावर लैंड परचेज कमेटी की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। यह मंजूरी जमीन मालिकों के कीमत पर सहमत होने पर दी गई।
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला भी उपस्थित थे। संबंधित उपायुक्त और जमीन मालिक भी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से मीटिंग से जुड़े। मुख्यमंत्री ने बताया कि रेवाड़ी में बनने वाले एम्स के लिए 200 एकड़ जमीन को 40 लाख रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से खरीदने को कमेटी ने हरी झंडी दी है। इस प्रोजेक्ट के लिए भूमि चिन्हित करने के लिए संबंधित उपायुक्त को उपलब्ध भूमि की डिटेल रिपोर्ट बनाकर भेजने को कहा गया है।
इसके अलावा अन्य सात प्रोजेक्ट्स के लिए जमीन खरीदने की मंजूरी मिलने से हथीन में बाईपास बनने का रास्ता भी साफ हो गया। इससे हथीन को जाम से मुक्ति मिलेगी। यही नहीं इससे हथीन के विकास को भी गति मिलेगी। इसके अलावा कैथल जिले के राजौंद में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाने के लिए भी जमीन मालिकों ने कीमत पर सहमति दी है। जिसके बाद प्लांट के लिए जमीन खरीदने को मंजूरी दे दी गई।
कलानौर से कैल तक फोरलेन सड़क के लिए जमीन खरीदने को हरी झंडी
यमुनानगर जिले में कलानौर से कैल तक चार लेन सड़क मार्ग बनाने के लिए आवश्यक भूमि की खरीद को हरी झंडी दी गई। कुरुक्षेत्र के पिहोवा में बीबीपुर से चनलहेड़ी के बीच और सिरसा में रानियां और कुत्तब गढ़ के बीच बनने वाले पुल के लिए भी जमीन खरीदने को मंजूरी दे दी गई। नूंह जिले के आकेरा गांव में यूनानी मेडिकल कॉलेज के लिए 580 मीटर के अप्रोच रोड के लिए जमीन खरीदने को मंजूरी प्रदान कर दी गई।
किसानों ने ब्योरा अपलोड किया
इन सभी प्रोजेक्ट्स को बनाने के लिए जिन किसानों ने ई भूमि पोर्टल पर अपनी जमीन का ब्योरा अपलोड किया था, उन्हीं से चर्चा और सहमति के बाद जमीन खरीद को मंजूरी दी गई। मीटिंग में सात प्रोजेक्ट्स के लिए 259.07 एकड़ जमीन को लगभग 116.41 करोड़ रुपये कीमत में खरीदने को हरी झंडी दी गई।