अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक के दूसरे दिन कई मुद्दों पर चर्चा कर कई प्रस्ताव सर्वसहमति से पास किए गए। इसमें अग्रवाल समाज द्वारा रात को शादी नहीं करने, अग्रोहा शक्तिपीठ में मंदिर निर्माण के लिए चांदी देने, महाराज अग्रसेन छात्रावास के लिए जमीन दिलवाने समेत मुद्दों पर चर्चा की गई। सम्मेलन के समापन पर हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता मुख्य अतिथि थे। सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल शरण गर्ग और हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष कुलभूषण गोयल ने उनका स्वागत किया।
विज्ञापन
गोपाल शरण गर्ग और कुलभूषण गोयल ने बताया कि अग्रवाल समाज दिन में शादी समारोह आयोजित करेगा। इसके लिए देश में जनजागरण अभियान चलाया जाएगा ताकि 36 बिरादरी के लोग भी दिन में शादी करने को प्रेरित हों। इनका कहना है कि दिन में शादी करने से टेंट, लाइट और अन्य फिजूलखर्च से निजात मिलेगी और आदर्श विवाह होंगे। इन लोगों का कहना है कि भगवान श्रीराम की शादी दिन में हुई थी। रात को शादी करने का कहीं कोई उल्लेख नहीं है। रात में शादी केवल मुगल काल मेें होती थी, क्योंकि मुगल डोलियां लूट लेते थे।
नत्थूराम जैन चुनाव अधिकारी नियुक्त
बैठक के दौरान सम्मेलन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के आगामी चुनावों के लिए नत्थूराम जैन को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया। आम सभा में कार्यकारिणी द्वारा पारित प्रस्तावों और पिछली कार्यकारिणी द्वारा किए कामों का अनुमोदन किया गया। हालांकि कार्यकारिणी सदस्यों ने मौजूदा कार्य समिति पर विश्वास व्यक्त किया, लेकिन गोपाल शरण गर्ग ने कहा कि संगठन को जिंदा रखने के लिए और नए लोगों को मौका देने के लिए चुनाव करवाए जाएं। मौजूदा कार्यकारिणी का कार्यकाल अप्रैल माह में समाप्त होना है। फैसला किया गया कि महाराजा अग्रसेन के संदेश पूरे विश्व में फैलाई जाए। दुनिया में महाराजा अग्रसेन के संदेश को फैलाने का उद्देश्य अशांत विश्व को शांत करना है।
विज्ञापन
216 किलो चांदी देने की घोषणा
कुलभूषण गोयल ने बताया कि अग्रोहा शक्तिपीठ के प्रति पूरे अग्रवाल समाज की आस्था है। शक्तिपीठ में आराध्य महालक्ष्मी के मंदिर के निर्माण की योजना तय होगी। इसके लिए समाज के लोगों ने 216 किलो चांदी देने की घोषणा की है। गोपाल शरण गर्ग ने विधानसभा अध्यक्ष से मांग की है कि हरियाणा में अलग-अलग जिलों में महाराजा अग्रसेन के नाम पर छात्रावासों का निर्माण कराया जाए, ताकि गरीब और मेधावी बच्चों को छात्रावासों में रहकर अच्छी शिक्षा मिल सके।
पहला छात्रावास पंचकूला में बनाने के लिये 3000 गज जमीन अलॉट करने की मांग की। जमीन सरकार देगी और निर्माण अग्रवाल समाज द्वारा किया जाएगा। गर्ग ने बताया कि अग्रोहा में टीले की खुदाई के लिए हरियाणा सरकार ने पहले 35 और इस साल 32 करोड़ रुपये की मंजूरी दी थी, लेकिन केंद्र सरकार की ओर से मंजूरी न मिलने के चलते खुदाई नहीं हो पाई। गर्ग ने कहा कि मुख्यमंत्री ने एक जिम्मेदार नागरिक समझकर हम पर विश्वास किया है, यह अग्रवाल समाज सम्मान है, जिसका पूरे देश के 17 राज्यों के प्रतिनिधियों ने स्वागत किया।
महाराजा अग्रसेन छात्रावास के लिए जमीन दिलवाने की करेंगे कोशिश
विधायक ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं के लिए प्लॉट के विज्ञापन जल्द आने वाले हैं। 6-7 प्लॉट अलॉट होने वाले हैं, जिसमें महाराजा अग्रसेन छात्रावास के लिए जमीन दिलवाने की कोशिश की जाएगी। गुप्ता ने कहा कि अग्रवाल समाज द्वारा मुख्यमंत्री के सामने जो मांगें रखी गई थीं उन पर सीएम ने तकनीकी पहलुओं को देखने के बाद पूरा करने का आश्वासन दिया है। अग्रोहा को सब- डिवीजन बनाने में कोई कठिनाई नहीं होगी। अंत में ज्ञानचंद गुप्ता, गोपाल शरण गर्ग और कुलभूषण ने अग्रवाल समुदाय के डॉक्टरों, चार्टर्ड अकाउंट्स, वकीलों को सम्मानित किया।
कुलभूषण गोयल ने बताया कि अग्रवाल हेल्पलाइन नंबर 8566889000 समाज के लोगों के काम करेगी। यह हेल्पलाइन 24 घंटे 7 दिन चलेगी। हेल्पलाइन नंबर पर अग्रवाल समुदाय के किसी भी व्यक्ति के साथ कहीं ज्यादती हो रही है तो उसकी मदद के लिए चार युवाओं की टीम काम करेगी। इसमें सरकारी, कानूनी एवं आर्थिक तौर पर मदद की जाएगी।
साथ ही हेल्पलाइन के जरिए बेरोजगार अग्रवाल युवाओं को फैक्ट्रियों एवं अन्य संस्थानों में नौकरियों का प्रबंध करने पर विशेष फोकस रहेगा। प्रोफेशनल क्वालिफिकेशन के अनुसार नौकरियां दिलवाई जाएंगी। अग्रवाल हेल्पलाइन के तहत 11 लाख रुपये का एक अलग फंड तैयार किया गया है, जो कि विशेष तौर पर इन्हीं कामों पर लगाया जाएगा।
सम्मेलन में यह लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के महासचिव सीबी गोयल, सम्मेलन के पंचकूला अध्यक्ष तेजपाल गुप्ता, महासचिव कुसुम गुप्ता, वित्त सचिव अमित गोयल, युवा प्रधान प्रवीण गोयल, इंटेलेक्चुअल फॉर्म के चेयरमैन डॉ. नरेश मित्तल, पैटर्न एसपी सिंगला, बाल कृष्ण बंसल, भगवान दास मित्तल, हरगोविंद गोयल, हरबिलास जिंदल, महिला मंडल प्रधान शारदा गुप्ता, वरिष्ठ उपप्रधान अंजू गोयल, अल्का गोयल, मीना गोयल, चंद्रकांता गोयल, संगठन सचिव बीबी सिंगल, सतीश जिंदल, वरिष्ठ उपप्रधान भूपिंद्र गोयल, सहित अन्य उपस्थित थे।