अब पंचकूला में भाजपा और कांग्रेस समेत 13 जबकि कालका में सात प्रत्याशी हैं मैदान में
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। नामांकन वापस लेने के बाद अब पंचकूला और कालका 20 प्रत्याशियों में चुनावी जंग होगी। कालका में सोमवार को चार लोगों के नामांकन वापस लेने के बाद सात प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। इसी तरह पंचकूला में एक नामांकन वापसी के साथ ही चुनाव मैदान में 13 प्रत्याशी रह गए हैं। नामांकन वापसी के साथ ही दोनों हलकों के प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए गए हैं।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. यश गर्ग ने बताया कि पंचकूला विधानसभा में एसडीएम एवं रिटर्निंग अधिकारी गौरव चौहान ने नामांकन वापसी प्रक्रिया के उपरांत प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए हैं। उन्होंने बताया कि इंडियन नेशनल लोकदल के प्रत्याशी क्षितिज चौधरी, इंडियन नेशनल कांग्रेस के प्रत्याशी चंद्र मोहन, भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी ज्ञानचंद गुप्ता, आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी प्रेम गर्ग, जननायक जनता पार्टी के प्रत्याशी सुशील गर्ग को अपनी पार्टी का चुनाव चिन्ह दिया गया। राइट टू रिकॉल पार्टी के प्रत्याशी किशन सिंह नेगी को चुनाव चिन्ह प्रैशर कुकर, भारतीय वीर दल के प्रत्याशी भरत भूषण गुर्जर को चुनाव चिन्ह सीटी, निर्दलीय प्रत्याशी नताशा सूद को चुनाव चिन्ह हीरा, निर्दलीय प्रत्याशी महाबीर प्रसाद शर्मा को चुनाव चिन्ह एयरकंडीशनर, निर्दलीय प्रत्याशी सरोज बाला को चुनाव चिन्ह कंप्यूटर आवंटित किया गया। उन्होंने बताया कि नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन निर्दलीय प्रत्याशी गुरतेज सिंह ने अपना नामांकन पत्र वापस लिया।
इसी तरह कालका विधानसभा में एसडीएम एवं रिटर्निंग अधिकारी राजेश पुनिया ने नामांकन वापसी प्रक्रिया के उपरांत प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए। उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी ओमप्रकाश गुर्जर, बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी चरण सिंह, इंडियन नेशनल कांग्रेस के प्रत्याशी प्रदीप चौधरी, भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी शक्ति रानी शर्मा को अपनी पार्टी का चुनाव चिन्ह दिया गया। निर्दलीय प्रत्याशी अमित शर्मा को चुनाव चिन्ह बल्लेबाज, निर्दलीय प्रत्याशी गोपाल सुखो माजरी को चुनाव चिन्ह हीरा और निर्दलीय प्रत्याशी विशाल को ईंटें चुनाव चिन्ह आवंटित किया गया है। उन्होंने बताया कि जननायक जनता पार्टी के बलबीर सिंह, राष्ट्रवादी जन लोक पार्टी से चरण सिंह, निर्दलीय प्रत्याशी गीता देवी और निर्दलीय प्रीति ने अपना नामांकन पत्र वापस लिया है।