संवाद न्यूज़ एजेंसीबरवाला। कृषि विभाग की तरफ से अनुसूचित जाति के किसानों को अनुदान पर उपलब्ध करवाए ट्रैक्टरों का भौतिक सत्यापन मंगलवार को किया गया। इस अवसर पर हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने किसानों को ट्रैक्टरों की चाबी सौंपी। सहायक कृषि अभियंता ओमप्रकाश माहीवाल ने बताया कि जिले में चार ट्रैक्टरों के लिए ई-वाउचर के माध्यम से 12 लाख रुपये की अनुदान राशि जारी की गई।
उन्होंने बताया कि कृषि विभाग की तरफ से एसबी.89 स्कीम वर्ष 2022-23 के तहत अनुसूचित जाति के किसानों को ट्रैक्टरों पर 50 प्रतिशत अनुदान उपलब्ध कराने के लिए 10 जनवरी 2023 तक सरल पोर्टल पर आनलाइन आवेदन मांगे गए थे। उन्होंने बताया कि जिले में कुल चार ट्रैक्टरों का लक्ष्य निर्धारित था। इसमें 29 आवेदन प्राप्त हुए थे। इसके लिए चार लाभार्थियों का चयन जिलास्तरीय कार्यकारिणी कमेटी की तरफ से आनलाइन ड्रा के माध्यम से किया गया था। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर खरीद करने के उपरांत कृषि विभाग के पोर्टल www.agriharyana.gov.in पर ऑनलाइन बिल अपलोड कराने वाले किसानों के ट्रैक्टरों का भौतिक सत्यापन उपायुक्त द्वारा गठित जिला स्तरीय कमेटी की तरफ से बस स्टैंड बरवाला में किया गया। इस दौरान चार ट्रैक्टरों का भौतिक सत्यापन कमेटी के सदस्यों द्वारा किया गया।