पंचकूला। शताब्दी के निकलते ही बलटाना रेलवे फाटक से बाजार तक जाम की समस्या आम हो गई है। वजह है, सड़क किनारे दोनों तरफ फैला अतिक्रमण का जाल। 60 फुट चौड़ी सड़क पर दोनों तरफ रेहड़ी फड़ी और फूड स्ट्रीट वालों का कब्जा रहता है, जिससे सड़क सिकुड़ती जा रही है। साल 2020 में शहरवासियों को रेहड़ी-फड़ी वालों से होने वाली परेशानियों को दूर करने के लिए नगर परिषद ने स्ट्रीट वेंडिंग जोन पॉलिसी की तरफ अपने कदम बढ़ाए थे। अतिक्रमण विंग का कार्य देखने वाले कर्मचारियों ने शहर में लगने वाली रेहड़ी-फड़ी वालों का डाटा भी एकत्रित किया था, लेकिन दो साल बाद भी धरातल पर कुछ नहीं हुआ।
2001 में जीरकपुर नगर परिषद बना था, तब से अतिक्रमण की समस्या है। अब अतिक्रमण विकराल रूप ले चुका है। आलम ये है कि बलटाना की छोटी और बड़ी मिलाकर कुल करीब 50 कॉलोनियों के लोग अतिक्रमण के जंजाल से घुटन महसूस करने लगे हैं। इस रास्ते से निकलने वाले राहगीरों को भी परेशान झेलनी पड़ती है। लोगों को बाजार से निकलने में कम से कम 25 से 30 मिनट का समय लगता है।
दुकानदार भी सड़क पर फैलाते हैं सामान
बलटाना बाजार में रेहड़ी-फड़ी वालों से ज्यादा दुकानदारों ने सड़क पर अपना सामान फैलाकर कब्जा किया है। इस पर नगर निगम की अतिक्रमण विंग कार्रवाई नहीं कर रही है। इसके चलते दुकानदारों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। बलटाना में करीब 60 फीसदी दुकानदारों ने दुकान के बाहर मुख्य सड़क तक अतिक्रमण कर रखा है। यहां कार्रवाई की सख्त जरूरत है।
पहले ही सामान समेट लेते हैं दुकानदार
बलटाना बाजार में चारों तरफ अतिक्रमण है। नगर निगम के अतिक्रमण विंग की गाड़ी पहुंचने से पहले ही दुकानदारों को फोन के जरिए सूचना दे दी जाती है और वह अपना सामान समेट लेते हैं। टीम आती है और रेहड़ी-फड़ी वालों को उठाकर ले जाती है। -भगत सिंह, निवासी राम विहार बलटाना।
स्ट्रीट वेंडिंग पॉलिसी लानी होगी
बलटाना को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए स्ट्रीट वेंडिंग पॉलिसी लानी होगी। इस पर धरातल पर कोई काम नहीं हो रहा है। दो बार शिकायत भी दे चुका हूं। पहले सर्वे कराया। दूसरी बार प्रस्ताव पास करने के लिए भेजा, लेकिन अब तक मंजूरी नहीं मिली। इसके चलते रोजाना बलटाना में जाम की स्थिति बनी रहती है और हम लोग परेशान होते हैं। -ललित कुमार, निवासी बलटाना।
सड़क पर निकलना हो जाता है मुश्किल
एक तो लोग रेलवे फाटक के चलते परेशान हैं। वहीं दूसरी ओर अतिक्रमण के कारण सड़क पर निकलना मुश्किल हो जाता है। पिछले सात वर्ष से देख रहा हूं। नगर परिषद जीरकपुर इसका स्थाई समाधान नहीं ढूंढ पाई। -शीतल कुमार सिंह, निवासी हरमिलाप नगर फेस दो बलटाना।
सरकार के आदेश हैं। स्ट्रीट वेंडिंग पॉलिसी लाई जाएगी। इसके लिए पहले सर्वे हुआ है तो फाइल निकलवाकर चेक करूंगा। कुछ दुकानदारों को चिन्हित कर उन्हें वेंडिंग जोन अलॉट की जाएगी। अगर प्रस्ताव पास नहीं है तो मंजूरी के लिए सरकार को भेजा जाएगा। रवनीत सिंह, ईओ नगर परिषद जीरकपुर।