संवर्धिनी न्यास द्वारा चलाए गए प्रशिक्षण कार्यक्रम में महिला प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र देकर किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। देश में शत प्रतिशत महिलाओं को शिक्षा के पर्याप्त अवसर उपलब्ध करवाए जाने चाहिएं, ताकि वे आत्मनिर्भर होकर आगे बढ़ते हुए समाज में अपनी अहम भूमिका निभा सकें। यह बात हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में संवर्धिनी न्यास हरियाणा प्रांत द्वारा आयोजित महिला सम्मान समारोह में कही।
बंडारू दत्तात्रेय ने संवर्धिनी न्यास को बधाई देते हुए कहा कि न्यास द्वारा महिला सशक्तीकरण और महिला उत्थान की दिशा में बहुत ही उल्लेखनीय प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए उन्होंने संवर्धिनी न्यास की उत्तर क्षेत्र संयोजिका डाॅ. प्रतिभा सिंह को भी विशेष रूप से बधाई दी। एक आदमी अगर शिक्षित होता है तो सिर्फ एक आदमी ही शिक्षा ग्रहण करता है लेकिन अगर एक महिला को शिक्षित किया जाता है तो वह दो परिवारों को शिक्षित करती है।
राज्यपाल ने गांव बीड़ घग्गर में महिला सिलाई एवं सौंदर्यकरण प्रशिक्षण को लेकर संवर्धिनी न्यास के प्रशिक्षण कार्यक्रम की सभी महिला प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। विस अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि संवर्धिनी न्यास संस्था के माध्यम से महिलाओं के उत्थान के लिए बेहतर कार्य किया जा रहा है। महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें अनेकों प्रशिक्षण के माध्यम से कैसे समाज में आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। इसके लिए संस्था का कार्य सराहनीय है। महिलाएं हमारे लिए माता के समान हैं उनका सम्मान केवल आज ही नहीं बल्कि जब सृष्टि बनी थी इसे तभी से होता आया है। महिलाएं कोई भी कार्य अपने हाथ में लेे तो वह उसे संपन्न करने में सक्षम होती हैं।
इस मौके पर मेयर कुलभूषण गोयल, अतिरिक्त उपायुक्त वर्षा खांगवाल, संवर्धिनी न्यास की सचिव डॉ. मेघा ब्रम्हपुरकर, डॉ. माधुरी मराठी, अध्यक्ष महाराजा अग्रसेन ट्रस्ट पंचकूला जगमोहन गर्ग, शिवालिक विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष ओमप्रकाश देवीनगर, आईटीबीपी भानू के इंस्पेक्टर जनरल ईश्वर सिंह दूहन, हरियाणा बाल कल्याण परिषद की मानद महासचिव रंजीता मेहता सहित समृद्धि न्यास के पदाधिकारी व जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।