पंचकूला। वर्ष 2021 के सड़क हादसे और लापरवाही से हुई मौत के मामले में पंचकूला अदालत ने आरोपी राज कुमार को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया। 18 नवंबर 2021 की रात सेक्टर-20 में स्कूटर की टक्कर से जिया लाल घायल हो गए थे और उपचार के दौरान पीजीआई चंडीगढ़ में उनकी मौत हो गई थी। अदालत ने माना कि अभियोजन आरोपी की तेज गति और लापरवाही तथा मौके पर मौजूदगी साबित नहीं कर सका। पुलिस ने पहचान के लिए टेस्ट आइडेंटिफिकेशन परेड नहीं कराई थी। मेडिकल रिपोर्ट में चोटें गिरने से भी संभव बताई गईं। अदालत ने कहा कि केवल हादसा होना चालक की लापरवाही साबित करने के लिए पर्याप्त नहीं है। संवाद