माई सिटी रिपोर्टर पंचकूला। पंचकूला मेडिकल कॉलेज में दाखिला करवाने के नाम पर 11 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर रविवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। रिमांड के दौरान पुलिस अब आरोपी से धोखाधड़ी के पैसे और गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में पता लगाएगी। आरोपी का नाम नरहरी नारायाण सिंह है जो कि पंजाब के मोहाली का रहने वाला है। सेक्टर 10 पुलिस चौकी इंचार्ज प्रताप सिंह ने बताया कि चंडीगढ़ के विवेक वालिया ने फरवरी महीने में पुलिस थाना में शिकायत दी थी। जिसमें उसने बताया था कि आरोपी ने न्यूज पेपर में मेडिकल कॉलेज में एडमिशन को लेकर विज्ञापन दी थी। विज्ञापन के माध्यम से वह आरोपी के संपर्क में आए। आरोपी ने बठिंडा मेडिकल कॉलेज में एडमिशन करवाने की बात कही और उसके लिए अलग से उसने 2 लाख रुपये कमीशन लेने की बात भी कही। मेडिकल कॉलेज में मैनेजमेंट कोटा की सीट पर एडमिशन के नाम पर आरोपी ने शिकायतकर्ता से 11 लाख रुपये अलग-अलग किश्तों में ले लिया। उसके बावजूद ना ही उसने मेडिकल कॉलेज में एडमिशन करवाया और ना ही उसके पैसे वापस किए। जिसके बाद सेक्टर 5 पुलिस थाना में 16 फरवरी को शिकायतकर्ता की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।