पंचकूला। पैसा डबल करने के नाम पर 3.80 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर बुधवार को अदालत में पेश किया। यहां से आरोपी को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। आरोपी की पहचान गुरदेव निवासी मोहाली के फेज-2 के रूप में हुई है। पुलिस को दी शिकायत में एमडीसी गांधी कॉलोनी निवासी रूपवती ने बताया कि उसने काम करके कुछ पैसा जमा किया था। आरोपी से उसकी मुलाकात हुई तो उसने पैसा डबल करने की बात कही। इसके बाद आरोपी अपने जानकार रेकपाल सिंह के साथ महिला के घर पहुंचा और उसने महिला से कहा कि आपने जो एक कंपनी में पैसा जमा किया हुआ है वह उसे दो साल में दोगुना कर देगा। इस लालच में आकर महिला ने आरोपी की बात पर भरोसा करके कुल जमा राशि 3.80 लाख रुपये उसे दे दिए। इसके कई साल बाद भी आरोपी ने महिला से लिए हुए पैसों को दोगुना करवाना तो दूर महिला से लिए गए 3.80 लाख रुपये भी नहीं लौटाए। इसके बाद महिला ने मामले की शिकायत पुलिस में दी।