साइबर थाना पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। एक व्यक्ति को किस्त भरने का झांसा देकर 2 लाख रुपये ठगने के मामले में साइबर थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अखिलेश (21) जिना नवादा बिहार निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 5 दिन का रिमांड लिया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से जानकारी जुटाएगी की उसने और कितनी ठगी को अंजाम दिया है। पुलिस आरोपी के अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, अभयपुर निवासी प्रभु पंडित ने दी शिकायत में बताया कि उन्होंने होम क्रेडिट कंपनी से 2 लाख 4 हजार रुपये का पर्सनल लोन 4 मार्च 2023 को लिया था। उन्होंने लोन के सारे पैसे को उतारने के लिए कंपनी का ऑनलाइन नंबर सर्च किया। उन्हें एक नंबर मिला उस नंबर उन्होंने बात की तो व्यक्ति ने उन्हें कहा कि 1,49,200 रुपये गूगल पे से डलवाने पडे़गें। जिसके बाद शिकायतकर्ता ने कहे अनुसार 50 हजार रुपये गूगल पे कर दिए। उसके बाद आरोपी ने उन्हें बकाया मोबाइल बैंकिग के माध्यम से करने को कहा। शिकायतकर्ता ने 3 ट्रांजेक्शन में 75 हजार रुपये और भेज दिए। उसके बाद उन्हें और पैसे ट्रांसफर करने को कहा और उसके बाद उन्हें एनओसी देने के बारे में कहा गया। शिकायतकर्ता आरोपी के झांसे में आकर और पैसे ट्रांसफर कर दिए। लेकिन उनकी एनओसी नहीं आई। शिकायतकर्ता के खाते में सारे पैसे खत्म हो गए। इसके बाद उन्होंने अपने होम क्रेडिट के ऑनलाइन पर्सनल लोन डिटेल चेक की तो उनके लोन अकाउंट में कोई पैसा जमा नहीं हुआ था। इसके बाद उन्हें ठगी के बारे में पता चला। आरोपी ने शिकायतकर्ता से कुल 203076 रुपये ठग लिए। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई।