संवाद न्यूज एजेंसीपंचकूला। सेक्टर-5 थाना पुलिस ने वर्ष 2023 में दर्ज फर्जी मेडिकल डिग्री व पंजीकरण प्रमाण पत्र मामले में कार्रवाई करते हुए हिसार निवासी महेंद्र कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामला भारतीय चिकित्सा परिषद हरियाणा के रजिस्ट्रार डॉ. दिनेश शर्मा की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार, महेंद्र कुमार के नाम पर जारी पंजीकरण प्रमाण पत्र की जांच के दौरान बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया था। संबंधित प्रमाण पत्र नंबर और अभिलेख मिलान में पाया गया कि यह प्रमाण पत्र वास्तव में किसी अन्य डॉक्टर के नाम जारी किया गया था। इसके बाद परिषद ने इसे पूरी तरह फर्जी घोषित करते हुए पुलिस को कार्रवाई के लिए लिखा था। जांच के दौरान महेंद्र कुमार को नोटिस देकर पेश किया गया जहां उसने अपने बयान में खुलासा किया कि डॉ. बंसल, डॉ. नवीन (बीएएमएस), अंबाला निवासी करण सरना और एक अन्य व्यक्ति मिलकर फर्जी डिग्री तैयार करने का नेटवर्क चला रहे हैं। आरोपी ने बताया कि उससे करीब 10 लाख रुपये लेकर बीएएमएस की डिग्री और हरियाणा परिषद का फर्जी पंजीकरण प्रमाण पत्र दिया गया था। महेंद्र कुमार ने यह भी बताया कि गिरोह कई अन्य लोगों को भी फर्जी मेडिकल डिग्रियां उपलब्ध करवा चुका है। आरोपियों की ओर से एमबीबीएस जैसी डिग्रियां दिलाने का झांसा देकर लोगों से मोटी रकम वसूली जाती थी। पुलिस के अनुसार, इस मामले में 2023 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी जिसके बाद अब आरोपी महेंद्र कुमार को गिरफ्तार किया गया है।