पंचकूला। साइबर थाना पुलिस ने 30.52 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में देहरादून निवासी मोहित मार्क उर्फ मोंटू को गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने इंस्टाग्राम के जरिए शिकायतकर्ता से संपर्क कर खुद को सिंगापुर स्थित कारोबारी बताया और ऑनलाइन निवेश व सेलर बनने के नाम पर कमाई का झांसा दिया। शुरुआत में मुनाफा देकर विश्वास जीतने के बाद लाखों रुपये जमा करवाए गए। बाद में अतिरिक्त टैक्स के नाम पर रकम मांगी गई। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों और नेटवर्क की जांच कर रही है।