पंचकूला। क्राइम ब्रांच-19 ने जुए और सट्टेबाजी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राजीव कॉलोनी क्षेत्र में छापेमारी कर एक सट्टा संचालक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सट्टा पर्चियां और 5050 रुपये नकद बरामद किए हैं। एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि क्राइम ब्रांच-19 की टीम ने इंचार्ज मुकेश सैनी के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। सूचना मिली थी कि सेक्टर-17 स्थित खेड़ा मंदिर के पास एक युवक लोगों को सट्टा खेलने के लिए उकसा रहा है और भारी मुनाफे का लालच दे रहा है। टीम ने बोगस ग्राहक भेजकर जाल बिछाया और जैसे ही आरोपी ने सट्टा लगाया, उसे मौके पर रंगे हाथ पकड़ लिया गया। आरोपी की पहचान अमन (31), निवासी राजीव कॉलोनी, सेक्टर-17 के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-14 में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।