पंचकूला। बुढ़नपुर में एक दिन पहले ही अपनी मौसी के घर आए युवक ने अगली रात ही फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। यहां मंगलवार की रात 23 साल का युवक सूरज फंदे से लटका मिला है। पुलिस के अनुसार सूरज मूलरूप से लखनऊ का रहने वाला था और सोमवार को ही पंचकूला आया था। यहां वह अपनी मौसी के घर ठहरा था, लेकिन अगले दिन मंगलवार की रात उसने घर के कमरे में गमछे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर सेक्टर-16 पुलिस चौकी की टीम पहुंची और सीन ऑफ क्राइम टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया था। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव उसके परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस चौकी इंचार्ज सिंघ राज सिंह ने बताया कि फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों और आस-पास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।