पंचकूला। अभयपुर में शनिवार देर रात एक महिला ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय महिला का पति ड्यूटी पर गया हुआ था। जब वह रात में घर वापस लौटा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। कई बार आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद भाई ने खिडक़ी से कमरे के अंदर देखा तो महिला फंदे से लटकी हुई दिखाई दी। उसने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही सेक्टर-19 पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने मौके पर सीन ऑफ क्राइम टीम को भी बुलाया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। रविवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल महिला के आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।